चंपारण की खबर::भूमि विवाद को लेकर सुबह-सुबह हुई फायरिंग में एक लड़की की मौत, आधा दर्जन लोग जख्मी

Breaking news News बिहार


– पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार, पुलिस टीम गांव में शांति बहाल करने के लिए कर रही है कैंप


मोतिहारी / राजन द्विवेदी।


जिले के मधुबन थानाक्षेत्र के बांकी गांव में शनिवार की सुबह करीब 7:30 बजे दो पट्टीदारों के बीच भूमि विवाद में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान चलाई गई गोली लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर रही है। बताया जाता है कि रामजी भगत और प्रेम भगत के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। इसको लेकर शनिवार की सुबह दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। धारदार हथियार का उपयोग किया जाने लगा। इसी दौरान गोली चलने लगी। फायरिंग के दौरान एक गोली प्रेम भगत की 15 वर्षीया भगिनी को लगी। मौके पर ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। सभी घायलों को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है। पुलिस अक्षीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक मौके पर तैनात हैं। पुलिस की टीम घटना को अंजाम देनेवाले लोगों की खोज कर रही है। तत्काल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस की टीम कैंप कर रही है।