चंपारण की खबर::मोतिहारी पहुंचा संत रविदास जी की पावन मिट्टी का कलश, भाजपा ने शुरू किया ‘समरसता संकल्प अभियान’

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भाजपा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ‘श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इसी कड़ी में वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र रज यानी मिट्टी से भरा कलश आज मोतिहारी पहुंचा।

कलश का किया भव्य स्वागत


पटना में पूजन के बाद निकाली गई कलश यात्रा के बाद यह पवित्र कलश सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह के नेतृत्व में मोतिहारी लाया गया। उनके साथ अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भृगुन पासवान, उपाध्यक्ष सुधांशु रंजन, जिला महामंत्री संजय चौधरी और महामंत्री मनोज राम भी मौजूद थे। कचहरी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प और जयघोष के साथ कलश का भव्य स्वागत किया।

7 महीने चलेगा देशव्यापी अभियान : राधामोहन सिंह

इस अवसर पर सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि भाजपा ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के लिए यह राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है।

यह अभियान 29 जुलाई 2026, गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक पूरे 7 महीने देशभर में चलेगा। अभियान के तहत संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलश स्वागत कार्यक्रम में अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पासवान, सजावल राम, अधिवक्ता सुरेश राम, युवा मोर्चा अध्यक्ष बब्लू पासवान, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, सह-मीडिया प्रभारी सुधीर गुप्ता, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजय ठाकुर, आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कलश को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा गया, जहां स्थानीय स्तर पर भी पूजन और स्वागत कार्यक्रम होंगे।