
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गाँधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में पंच परिवर्तन आधारित युवा संकल्प विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व,सामाजिक समरसता,पर्यावरण संरक्षण,स्वदेशी भावना तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का विकास करना था।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मोतिहारी के जिला प्रचारक शिवम सोनू ने कहा कि वर्तमान समय केवल अधिकारों की चर्चा का नहीं,बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन का भी समय है। अधिकारों और कर्तव्यों में संतुलन ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। आज पर्यावरण संकट,सांस्कृतिक चुनौतियाँ,सामाजिक विघटन और नागरिक दायित्वों के प्रति उदासीनता जैसी समस्याएँ विश्व के समक्ष गंभीर प्रश्न बनकर खड़ी है। इन चुनौतियों का समाधान केवल नीतियों से नहीं,बल्कि जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिकों से संभव है। यदि युवा अपने जीवन में संस्कार,अनुशासन,सेवा और राष्ट्रभाव को अपनाएँ तो विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत का सपना शीघ्र ही साकार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चलाया जा रहा पंच परिवर्तन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का व्यापक जनआंदोलन है।
व्याख्यान के उपरांत संवाद सत्र में उपस्थित विद्यार्थियों व शोधार्थियों के द्वारा तत्संबंधित अनेक प्रश्न पूछे गए। शिवम सोनू ने प्रत्येक प्रश्न का तथ्यपूर्ण व प्रेरक उत्तर देते हुए कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं बल्कि वर्तमान के सक्रिय परिवर्तनकारी नेतृत्व है तथा शिक्षण संस्थान केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं है,अपितु चरित्र निर्माण,नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण के संस्कार प्रदान करने का केन्द्र है।
मौके पर प्रो. श्याम कुमार झा,प्रो पंकज कुमार सिंह, डाॅ•नरेन्द्र सिंह, डाॅ ओम प्रकाश गुप्ता,डाॅ अनुपम कुमार, डाॅ अभय विक्रम सिंह, डाॅ मणिशंकर तिवारी, डाॅ मोहिनी श्रीवास्तव, डाॅ अरुण कुमार आदि मौजूद थे।
