
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने जून महीने में अपराधियों के खिलाफ महा-अभियान चलाकर रिकॉर्ड कार्रवाई की है। एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के खौफ से 2,408 अपराधियों ने खुद कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
– 2 हजार से ज्यादा गिरफ्तार, 11 इनामी भी धराए
पुलिस ने अभियान के दौरान 2,036 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें से 1,349 को सीधे जेल भेजा गया। कार्रवाई में 11 इनामी बदमाश भी पकड़े गए।
– शराब और नशे पर बड़ा प्रहार
शराबबंदी को लेकर चलाए गए अभियान में पुलिस ने 20,361.27 लीटर अवैध शराब जब्त की। 237 शराब तस्कर और 362 शराब पीने वाले गिरफ्तार किए गए।
तुरकौलिया पुलिस ने रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 372/25 में पिछले 1 साल से फरार चल रहे बड़े शराब कारोबारी दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया।
नशे के खिलाफ कार्रवाई में 549 किलो गांजा, 12 किलो अफीम और 57 किलो डोडा बरामद किया गया।
– यातायात और साइबर पर शिकंजा
वाहन जांच अभियान में 7,729 गाड़ियों पर कार्रवाई कर 1.10 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
साइबर थाना ने सक्रियता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार लोगों के 75.92 लाख रुपये फ्रीज कराए।
‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने 32 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए। साथ ही 109 लापता और अपहृत लोगों को सकुशल बरामद किया गया।
– चोरी के वाहन भी बरामद
पुलिस ने इस दौरान 91 मोटरसाइकिल और 14 चारपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
एसपी ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।
