चंपारण की खबर::18 वें लीचीपुरम उत्सव का दो दिवसीय भव्य आगाज 01 से

Breaking news News बिहार

-कृषि वैज्ञानिक बताएंगे बेहतर लीची उत्पादन का तरीका, भोजपुरी गायिका इंदू सोनाली बिखरेंगी कला संस्कृति का रंग
सांसद होंगे मुख्य अतिथि

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

देश के सबसे बड़े लीची उत्पादक परिक्षेत्र मेहसी में 18 वें दो दिवसीय लीचीपुरम उत्सव का शुभारंभ एक जून यानी सोमवार को तिरहुत उच्चतर विद्यालय के प्रांगण में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन मोतिहारी सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह करेंगे। इस अवसर पर लिच्छीपुरम उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक क्षेत्रीय विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव के अलावा अन्य विधायकों की उपस्थिति रहेगी। यह जानकारी साझा करते हुए लीचीपुरम उत्सव समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन बागवानी विभाग के वैज्ञानिक लीची उत्पादन का बेहतर तरीका बताएंगे। ताकि किसानों को लाभ हो सके। वही भोजपुरी फिल्मों की प्रख्यात गायिका इंदु सोनाली कला संस्कृति का समां अपने गायन से बांधेगी। इसके अतिरिक्त जिले के प्रसिद्ध गायक नरेश चंचल की प्रस्तुति होगी साथ ही नृत्य का भी मनभावन कार्यक्रम पेश किया जाएगा। मंगलवार को कार्यक्रम का आगाज प्रसिद्ध गायिका अनुप्रिया तिवारी व रामचंद्र प्रजापति के बाद देश-विदेश में कला संस्कृति की प्रस्तुतियों से समां बंध चुके सृष्टि फाऊंडेशन दरभंगा के कलाकार जयप्रकाश पाठक की टीम के द्वारा भव्य रंगारंग प्रस्तुति होगी। हास्य कलाकार सुनील सारंगी मजूरी श्रोताओं और दर्शकों को हंसी के फव्वारों में गोते लगाने को मजबूर करेगी। इसके अलावा मुस्कान और ग्रुप द चकिया डांस एकेडमी के द्वारा मनभावन नृत्य की प्रस्तुतियां की जाएगी। श्री गुप्ता ने बताया कि लीचीपुरम उत्सव समिति इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे सरकारी सहायता मिले इस दिशा में कार्य कर रही है।