
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के नेतृत्व में महिलाओं को दिलाई गई शपथ।
जहानाबाद -रतनी से धीरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट।
जहानाबाद -रतनी -प्रख॑ड क्षेत्र के सरता गांव, वार्ड संख्या 6 में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक चेतना विकसित करना था।
इस बात की जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रेणु कुमारी ने बताई कि कार्यक्रम के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट शैलेश कुमार द्वारा मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना, शक्ति सदन योजना एवं क्रेच योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि इन योजनाओं के माध्यम से गर्भावस्था सहायता, संकट की स्थिति में संरक्षण व परामर्श, अस्थायी आश्रय, बच्चों की देखभाल तथा आर्थिक सहयोग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई और अधिकाधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं उन्होंने बताई कि बाल विवाह के दुष्परिणाम, संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा इसके उन्मूलन में समाज की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह नहीं करने एवं न होने देने की शपथ दिलाई गई तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सेवाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिला प्रवेक्षिका अस्मिता सिन्हा, रेणु कुमारी, सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
