
* जिला के 24 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, 15864 परीक्षार्थी लेंगे भाग
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
बिहार लोक सेवा आयोग, पटना के परीक्षा नियंत्रक से प्राप्त पत्र के आलोक में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा तीन चरणों में जिला के कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसमें कुल 15, 864 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
परीक्षा को स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद भवन के सभागार में परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त केंद्र अधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त ब्रीफिंग जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें अपर समाहर्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
संयुक्त ब्रीफिंग में बताया कि सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा जिला में तीन चरणों में संपन्न होगी जिसका पहला चरण 14 एवं 15 अप्रैल को, दूसरा चरण 17 एवं 18 अप्रैल को तथा तीसरा चरण 20 एवं 21 अप्रैल को संपन्न होगी।
प्रथम चरण अंतर्गत 14 अप्रैल की परीक्षा दो पाली में एवं 15 अप्रैल की परीक्षा एक पाली में संपन्न होगी। द्वितीय चरण 17 अप्रैल को परीक्षा दो पाली में एवं 18 अप्रैल को परीक्षा एक पाली में होगी। तृतीय चरण अंतर्गत की 20 अप्रैल परीक्षा दो पाली में तथा 21 अप्रैल की परीक्षा एक पाली में संपन्न होगी।

तीनों चरण अंतर्गत प्रथम पाली की परीक्षा 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 2:30 बजे से 4:30 बजे तक ली जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 8:00 बजे से 9:00 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वहीं द्वितीय पाली के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश 01:00 बजे से 01:30 तक कराई जाएगी। इसका कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश सभी स्टैटिक दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक को दिया गया।
परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थीयों की प्रवेश द्वार पर सघन जांच के साथ अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पर छपे क्यूआर कोड की स्कैनिंग करते हुए फोटो एवं पहचान पत्र के साथ मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
संयुक्त ब्रीफिंग में कहा कि परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक सहित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी समय से पूर्वाहन 07:00 बजे तक आवंटित परीक्षा केंद्र पर पहुचना सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा के सफल व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
संयुक्त ब्रीफिंग में परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय मुख्य द्वार पर कड़ाई से फ्रिस्किंग का निर्देश दिया गया। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, घड़ी एवं अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस , गजट ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थियों के प्रवेश के बाद सभी परीक्षार्थियों को आवंटित रोल नंबर के आधार पर बैठना होगा।
परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी में प्रतिनियुक्त कर्मी, पदाधिकारी, दंडाधिकारी को अपने पास मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को रखने की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर 500 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के तहत संपूर्ण परीक्षा अवधि तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर लगाने का निर्देश दिया गया है। सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक अटेंडेंस भी लिया जाएगा।
परीक्षा को स्वच्छ एवं निष्पक्ष वातावरण में संचालन को लेकर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जो दूरभाष संख्या 06252-242418 पर परीक्षा के दिन कार्यरत रहेगा।
मौके पर वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी ढाका, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक, प्रतिनियुक्ति स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी सहित जोनल दंडाधिकारी उपस्थित थे।
