
– वायु सेना में बनेंगे फ्लाइंग ऑफिसर, 10वीं में लाया था 95.6 प्रतिशत
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन प्रखंड स्थित ननौरा गांव निवासी रितेश राज ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 388 वां रैंक प्राप्त किया है। इस सफलता के बाद वे पुणे स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला में तीन वर्ष का सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया जाएगा। रितेश के पिता राजेश कुमार भारतीय वायु सेना में एयरमैन हैं, जबकि उनकी माता वर्षा कुमारी गृहिणी हैं। रितेश अपने गांव के पहले ऐसे युवा हैं जो वायु सेना में अधिकारी बनने जा रहे हैं। सफलता की खबर मिलने के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
– 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक परीक्षा किया उत्तीर्ण
रितेश का शैक्षणिक प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। उन्होंने वर्ष 2023 में केंद्रीय विद्यालय श्री बीआरडी, चंडीगढ़ से मैट्रिक परीक्षा 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद, वर्ष 2025 में उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा 87.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में पास की। वे दो भाइयों में छोटे हैं; उनके बड़े भाई रविश राज कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग कर रहे हैं। रितेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और हाल ही में 4 अप्रैल को दिवंगत हुईं अपनी दादी सकीला देवी को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के ही एनडीए की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनके दादाजी, स्वर्गीय बाबूलाल प्रसाद ‘मंजू’, एक प्रतिष्ठित शिक्षक थे। उनके परिवार में बड़े पापा ओमप्रकाश गुप्ता जेडीयू के नेता हैं, मंझले पापा विनोद कुमार एक विद्यालय में प्रधान लिपिक हैं, और छोटे चाचा रमेश कुमार सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
