
जहानाबाद -रतनी से धीरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट।
जहानाबाद -रतनी -प्रखंड क्षेत्र के ग्राम सेसम्बा में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्थानीय निवासी अशोक कुमार के आवास पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए रोगीयो ने स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर में मेडी हार्ट हॉस्पिटल, पटना के चिकित्सक डॉ. प्रशांत चंद्र सिंहा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने कुल 110 मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया। जांच के दौरान पाया गया कि करीब 50 प्रतिशत मरीज थायराइड, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर (बीपी) जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। इसके अलावा हार्ट से संबंधित समस्याओं से ग्रसित 15 मरीजों का ईसीजी किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. सिंहा ने बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और अनियमित खानपान के कारण थायराइड, मधुमेह और हृदय रोग जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी, ताकि इन बीमारियों से बचाव संभव हो सके।
शिविर की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि डॉक्टरों की टीम द्वारा ग्रामीणों को हार्ट अटैक की स्थिति में तुरंत किए जाने वाले प्राथमिक उपचार, यानी सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान लोगों को व्यावहारिक तरीके से समझाया गया कि आपात स्थिति में किस प्रकार त्वरित कार्रवाई कर किसी की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में शामिल अन्य सदस्यों में अस्पताल के संचालक कर्नल सिंहा, मनीष कुमार, राम निवास शर्मा, रमा झा और धीरेन्द्र कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से गांव के लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की मांग की।
