दीक्षांत समारोह::MGCU के तृतीय दीक्षांत समारोह में गूंजा ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश

Breaking news News बिहार

-9 मेधावी छात्र हुए स्वर्ण पदक से सम्मानित

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के राजा बाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में तृतीय दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।समारोह में देश के गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही और पूरे परिसर में शैक्षणिक उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, बिहार के राज्यपाल सैयद अता हुस्नैन, केंद्र सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे तथा सांसद राधामोहन सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलाधिपति डॉ. महेश शर्मा ने की, जबकि कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। समारोह की शुरुआत शैक्षणिक शोभायात्रा, मां सरस्वती एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 9 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इनमें अदिति प्रग्या, मुस्कान कुमारी, बलिराम कुमार, आदित्य प्रसाद, रचित यशस्वी, सचिन कुमार, श्रुति कुमारी, अनानंक कुमार तथा चंदन कुमार शामिल हैं।समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने चंपारण की ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि महान विचारों और परिवर्तन की जननी रही है। उन्होंने युवाओं से “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने युवाओं को निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। राज्यपाल सैयद अता हुस्नैन ने विश्वविद्यालय को बिहार की उच्च शिक्षा की मजबूत नींव बताते हुए छात्रों से नैतिक मूल्यों और समाज सेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चंपारण को ज्ञान और आंदोलन की भूमि बताते हुए मोतिहारी में जल्द हवाई पट्टी निर्माण का आश्वासन दिया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने छात्रों को भविष्य का निर्माता बताते हुए डिजिटल युग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा। राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नई शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि राज्यसभा उपसभापति हरिवंश ने विद्यार्थियों को राष्ट्र ऋण, मातृ ऋण और पितृ ऋण के निर्वहन की सीख दी।
सांसद राधामोहन सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यहां आधुनिक विषयों पर निरंतर कार्य हो रहा है और यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे समारोह में शैक्षणिक गरिमा, उत्साह और राष्ट्रीय भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।मौके पर पश्चिमी चंपारण सांसद संजय जयसवाल सुगौली विधायक बबलू गुप्ता पिपरा विधायक श्याम बाबू यादव गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी सहित सुनील यादव रामानंद पटेल कौशल राजा राजन पटेल बैजनाथ भगत प्रमोद कुशवाहा तथा विश्वविद्यालय के हजारों छात्र अभिभावक मीडिया कर्मी एवं गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।