चंपारण की खबर::बिहार में शराबबंदी सिर्फ कागजों पर लागू : जनसूराज

Breaking news News बिहार
  • शराबकांड के पीड़ितों से मिले जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिले के तुरकौलिया प्रखंड में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत के मामले को लेकर जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और घटना की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि कुछ ही किलोमीटर के दायरे में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। जन सुराज पार्टी लगातार यह सवाल उठाती रही है कि बिहार में शराबबंदी केवल कागजों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर घर-घर शराब बिक रही है।
उन्होंने कहा कि शराब माफिया गरीब लोगों को सस्ते दामों पर जहरीली शराब उपलब्ध करा रहे हैं और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल है। अगर, शराबबंदी कानून सही तरीके से लागू होता, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी को हटाने की जरूरत है, जिससे आम आदमी की जिंदगी बच सके। अगर, बिहार में शराबबंदी का फर्जी कानून न लागू होता तो लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से नहीं होती। प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार कैसे फल-फूल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार की आंखें नहीं खुली।
वहीं, वरिष्ठ नेता किशोर कुमार (मुन्ना) ने कहा कि अब तक 5 लोगों की मौत की जानकारी मिली है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है और दो दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुधार कार्यक्रम के तहत सरकार ने बिहार में 2016 में शराब बंदी कानून को लागू किया था। लेकिन यह कानून सिर्फ कहने के लिए लागू हुआ, जबकि जमीनी हकीकत इससे उलट है। एक तरफ सरकार ने शराब बंद कर दी और दूसरी तरफ प्रदेश में जहरीली और अवैध शराब का धंधा शुरु हो गया। सरकार के आंकड़ों में प्रदेश में शराब पीने से 361 मौत हुई है, लेकिन सही आकलन करने पर लगभग 1300 लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई है। जिसको सरकार ने भी माना कि शराब पीने से लोगों की मौत हुई है।
कहा कि बिहार में शराब बंदी पूरी तरह से इसलिए नहीं लागू है क्योंकि सत्ताधारी दल के सांसद, विधायक और भ्रष्ट अधिकारी मिलकर इस जहरीली शराब के धंधे को बढ़ावा दे रहे हैं। मौके पर जन सुराज के प्रदेश मीडिया प्रभारी उबैदूर रहमान, प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा, इन्दू सिंन्हा, गीता पांडेय, पद्मा ओझा, क्षेत्रिय प्रभारी भुवन पटेल, पूर्व प्रत्याशी मनीष कश्यप, अजय आजाद, रवीश मिश्रा, संजीव वर्मा और अजय आजाद समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।