
– समारोह में 475 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीयण विश्वविद्यालय के चाणक्य परिसर में तृतीय दीक्षांत समारोह के संबंध में कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने प्रेस कांफ्रेंस में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समारोह की व्यापक तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
बताया कि तृतीय दीक्षांत समारोह 4 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:30 बजे महात्मा गांधी सभागार, राजा बाजार, मोतिहारी में आयोजित होगा। इस गरिमामयी अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे। जबकि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. महेश शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा सांसद राधा मोहन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
इस अवसर पर कुल 475 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 84 स्नातक, 235 स्नातकोत्तर, 116 विद्यावाचस्पति शोधार्थी एवं 40 अवशेष विद्यार्थी शामिल हैं। साथ ही 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। जिनमें अदिति प्रज्ञा एवं सिमरन साहिवाल को कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की कठिन साधना, समर्पण एवं उत्कृष्टता का उत्सव है। उन्होंने यह भी बताया कि समारोह के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उपस्थित होने वाले सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया है कि वे कार्यक्रम स्थल पर प्रातः 9:30 बजे तक अनिवार्य रूप से पहुंचें, अपना आमंत्रण पत्र साथ रखें तथा 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों को साथ न लाएं।
मौके पर समग्र समन्वय समिति के अध्यक्ष प्रो. प्रसून दत्त सिंह, जनसंपर्क प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. श्याम नंदन तथा प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. आशा मीणा, डॉ. सुनील घोधके एवं डॉ. गोविंद प्रसाद वर्मा भी उपस्थित रहे।
